जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भरत साय सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए हैं। विवाद का सिलसिला सोमवार को उस वक्त शुरू हुआ जब पूर्व विधायक भरत साय ने फेसबुक पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त करने पर बधाई दी। मगर इस चक्कर में नेता जी ने एडिटेड तस्वीर लगा दी। जिसके शरीर पर नेता जी ने अपना चेहरा लगवाया या लगाया वो भी भाजपा नेता ही निकला
असल तस्वीर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा की है। ओमप्रकाश सिन्हा का चेहरा हटाकर भरत साय का चेहरा लगाया गया है। ये फोटो पोस्ट होते ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया में भरत साय पर सियासी तीर छोड़ने शुरू कर दिए। कांग्रेसियों ने पूछा कि आखिर किस मजबूरी की वजह से भरत साय को इस तरह एडिट करके फोटो अपलोड करनी पड़ी। दस साल विधायक रहने के दौरान क्या उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के साथ तस्वीर खिंचवाने का मौका नहीं मिल पाया। विवाद बढ़ा तो पूर्व विधायक ने तस्वीर डिलीट कर दी और फोन स्विच ऑफ कर लिया।